बेरोजगारी भत्ते की मांग को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने घेरा विधायक निवास ; 9 जगहों पर जलाया सीएम और विधायक का पुतला

डोंगरगांव – अपने जनघोषणा पत्र में किये गये वादे अनुसार प्रदेश के बेरोजगारों को रोजगार या फिर 2500 रू. बेरोजगारी भत्ता देने की मांग करते हुए भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आज प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अलग- अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक दलेश्वर साहू का पुतला भी फूंका। पुतला दहन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस में कुछ स्थानों पर झूमाझटकी की भी खबर है।


कांग्रेस द्वारा चुनाव पूर्व अपने जनघोषणा पत्र में 36 बिन्दुओं पर प्रदेश की जनता से वादा किया गया था। जिनमें से एक प्रदेश के बेरोजगारों को रोजगार देने अन्यथा 2500 रू. प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देना भी प्रमुख था। इसी मुद्दे को लेकर अब भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस को घेरने के लिए पूरे प्रदेश में आंदोलन और प्रदर्शन की रूपरेखा तय की है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज भाजयुमो द्वारा यहां विधानसभा स्तरीय प्रदर्शन किया गया।
भाजयुमो द्वारा सर्वप्रथम स्थानीय कृषि उपज मंडी में एक सभा का आयोजन किया, जहां वक्ताओं ने प्रदेश में भूपेश सरकार पर वादाखिलाफी, युवाओं के साथ धोखा सहित अनेक मुद्दों को लेकर आरोप लगाते हुए सरकार को घेरने का प्रयास किया इसके पश्चात् कार्यकर्ता जुलुस के रूप में विधायक निवास मोंगरा कॉलोनी घेरने निकले। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर भूपेश बघेल मूर्दाबाद, दलेश्वर साहू मुर्दाबाद, बेरोजगारी भत्ता देना होगा, कांग्रेस सरकार हाय हाय, जो सरकार निकम्मी है, वो सरकार बदलनी है जैसे नारे लगाये। साथ ही अनेक प्रकार की तख्तियां भी कार्यकर्ता हाथ में उठाये चल रहे थे।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कृषि उपज मंडी से विधायक निवास तक लगभग दो किलोमीटर की दूरी में आज लगभग दस से बारह स्थानों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक दलेश्वर साहू के पुतला दहन किया , कुछ स्थानों पर पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच हल्के फुल्के झड़प और झूमाझटकी की भी खबर है।


इसके बाद विधायक निवास के बाहर कार्यकर्ताओं ने घेराव किया और वहां भी विधायक का पुतला फूंक दिया , कार्यकर्ताओं ने विधायक की अनुपस्थिति में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी बात उन तक पहुंचाने की अपील की।


आज के प्रदर्शन में प्रमुख रूप से दिनेश गांधी, भरत वर्मा, लक्ष्मीनारायण गुप्ता, निरेन्द्र साहू, रामकुमार गुप्ता, बोधीराम साहू, विजय जैन, डीकेश साहू, प्रवेश ठाकुर, भोजराज वर्मा, तिमेश साहू, मुकेश साहू, धर्मेन्द्र वर्मा, मनीष साहू, भानू सोनी, राजा जैन, टिलेन्द्र देवांगन, तिमेश सिन्हा, गजेन्द्र साहू, लक्ष्मीकांत सेन, सिद्धिक बडग़ुजर, भाविश निक्की सहित बड़ी संख्या में भाजपा, भाजयुमो, महिला मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!