हरियाली भरा होगा पुलगांव- अंजोरा रोड का सफर, साढ़े पांच किमी की इस सड़क के दोनो ओर लगेंगे लगभग 11 हजार पौधे , कलेक्टर भुरे ने किया निरीक्षण


दुर्ग – पुलगांव-अंजोरा में शानदार सड़क के दोनों किनारे हरियाली से भी गुलजार रहेंगे। चंपा, कदंब, कोनोकार्पस आदि पौधे दोनों ओर लगाए जाएंगे। हर एक किलोमीटर में अनुमानतः हजार पौधे लगते हैं इस प्रकार दोनों ओर लगभग ग्यारह हजार पौधे लगाये जाएंगे। आज कलेक्टर ने पुलगांव-अंजोरा रोड में अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। मिनी माता चौक से उन्होंने निरीक्षण आरंभ किया। कलेक्टर ने कहा कि पौधे थोड़े बड़े आकार के हों। डिवाइडर में चंपा के पौधे के साथ ही बीच में कनेर आदि के पौधे भी लगा दिये जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि पौधों को सहेजना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए ट्रीगार्ड वगैरह लगाए जाएं।

ड्रिप आदि के माध्यम से यदि पौधों को पानी दिया जाए तो यह भी बेहतर होगा। कलेक्टर ने कहा कि पौधों के बढ़ जाने से इस रास्ते की खूबसूरती काफी बढ़ जाएगी। पिछले दो सालों में शहर के महत्वपूर्ण सड़कों के किनारे पौधे लगाये गये हैं। यह पौधे काफी बढ़ गये हैं और पूरा रास्ता काफी खूबसूरत हो गया है। उन्होंने कहा कि वन होम वन ट्री महा अभियान के दौरान भी कुछ पौधे लगाये जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से पौधों की व्यवस्था और उन्हें सहेजने की जिम्मेदारी की तैयारियां कर लेने के निर्देश दिये। उनके भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अश्विनी देवांगन, डीएफओ श्री शशि कुमार, दुर्ग निगम के प्रभारी आयुक्त श्री आशीष देवांगन, पीडब्ल्यूडी ईई श्री अशोक श्रीवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!